शामली में 14–15 मार्च को होगी यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा, कलेक्ट्रेट में तैयारियों को लेकर बैठक
शामली। अजीत कुमार श्रीवास्तव
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा पुलिस उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा जनपद शामली में 14 व 15 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जिले के निर्धारित 11 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक एवं पुलिस केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, नकलविहीन एवं निर्विघ्न तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बरतते हुए पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने परीक्षा के दृष्टिगत सभी केंद्रों पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रतिबंधित वस्तुओं को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने परीक्षा के दौरान लागू दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्येन्द्र सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक ऐश्वर्या जायसवाल, डॉ. अमित मलिक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh



