शामली । आर. हिंदुस्तान
ज़िला प्रभारी अजीत कुमार श्रीवास्तव
संपर्क सूत्र # 9456889665
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद शामली में वंदना गार्डन, थानाभवन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विकासखंड थानाभवन के 62, नगर पंचायत थानाभवन के 5 तथा जलालाबाद के 3 सहित कुल 70 जोड़ों का विवाह/निकाह पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल एवं थानाभवन विधायक अशरफ अली खान उपस्थित रहे। इनके साथ ब्लॉक प्रमुख पति दीपक कोरी, परियोजना निदेशक एवं खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद, जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी, पूर्व प्रधान अशोक सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला प्रशासन द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह, बुके व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा इस योजना में धनराशि बढ़ाकर प्रति जोड़ा एक लाख रुपये कर दी गई है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, 25 हजार रुपये की वैवाहिक सामग्री जैसे चांदी की पायल, बिछिया, वस्त्र आदि प्रदान किए जाएंगे तथा 15 हजार रुपये की राशि विवाह आयोजन, टेंट, भोजन आदि व्यवस्थाओं पर खर्च की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च से राहत देना तथा समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा नवदंपत्तियों को विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
परियोजना निदेशक ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन द्वारा जरूरतमंद और पात्र लोगों को ही योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। इस वर्ष से योजना में बायोमैट्रिक व फेसियल उपस्थिति के बाद ही विवाह/निकाह की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। समारोह में वर-वधू को लड्डू व ड्राईफ्रूट्स की टोकरियां भी वितरित की गईं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक के पात्र परिवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों का विवाह करना सौभाग्य का कार्य है और सरकार इस दिशा में निरंतर सहयोग कर रही है।
समारोह में कुल 52 हिन्दू तथा 18 मुस्लिम जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। अंत में नवदंपत्तियों को निर्धारित सामग्री वितरित करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






