अजीत कुमार श्रीवास्तव | जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान
शामली। जनपद शामली में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार से विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम का शुभारंभ कर दिया गया। राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आगामी एक माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत 09 माह से 05 वर्ष तक के 1,71,934 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शामली में बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विटामिन-ए एक वसा में घुलनशील आवश्यक पोषक तत्व है, जो बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित 9 खुराकें दिए जाने से उनके शारीरिक विकास और स्वास्थ्य में सुधार होता है तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है।
टीकाकरण सत्रों पर मिलेगी खुराक
अभियान के दौरान नियमित टीकाकरण सत्रों पर बच्चों को विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को आयरन फोलिक एसिड (IFA) की डोज भी दी जाएगी, जिससे एनीमिया जैसी समस्याओं की रोकथाम में सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी टीकाकरण सत्र स्थल पर लेकर आएं और विटामिन-ए की निर्धारित खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि बच्चे स्वस्थ, पोषित और रोगों से सुरक्षित रह सकें।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर डॉ. करन चौधरी (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. दीपक चौधरी (चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शामली), आशुतोष श्रीवास्तव (जिला कार्यक्रम प्रबंधक) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




