कानपुर देहात। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइंस, माती में जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, यमुना प्रसाद भी मौजूद रहे।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, जनशिकायतों के निस्तारण एवं जनसुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष रेनुका सचान, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं व्यापारी वर्ग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं, जनअपेक्षाओं और सुझावों से अपर पुलिस महानिदेशक को अवगत कराया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा आमजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।
अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने सभी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने महिला सुरक्षा और कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों और आमजन से प्राप्त शिकायतों का संवेदनशीलता एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एडीजी ने कहा कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
रिपोर्ट : आर हिंदुस्तान ब्यूरो



