गढ़ी पुख्ता में वोट की राजनीति पड़ी भारी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित 6 के चालान
शामली। थाना गढ़ी पुख्ता क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला में वोट बैंक की राजनीति उस समय भारी पड़ गई, जब बिना अनुमति चबूतरा निर्माण को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि समेत 6 लोगों के चालान कर दिए।
बताया जा रहा है कि गांव में मुंडेट पुलिया के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापना के लिए लगभग 8-10 फीट का चबूतरा बनाया जा रहा था। आरोप है कि यह निर्माण कार्य बिना प्रशासनिक अनुमति के किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर थाना गढ़ी पुख्ता पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने निर्माण कार्य को रुकवाते हुए मामले को गंभीरता से लिया। जांच के दौरान पाया गया कि यह कार्य नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा था।
पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य या सार्वजनिक स्थल पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस घटना के बाद गांव में हलचल का माहौल बना हुआ है और लोग इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





