राज्यमंत्री असीम अरुण के निर्देश—तकनीकी कारणों से वंचित किसी भी पात्र छात्र को नहीं छोड़ा जाएगा
शामली। शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा जल्द ही छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा, जिससे छूटे हुए पात्र छात्रों को योजना का लाभ मिल सके।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि कोई भी योग्य छात्र केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहेगा। पोर्टल दोबारा खोलकर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे छात्रों के खातों में भेजी जाएगी, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
विभाग के अनुसार, तकनीकी समस्या के चलते नेशनल इंफॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) द्वारा मास्टर फीस प्रोसेस नहीं हो सकी थी, जिसके कारण कई छात्रों की छात्रवृत्ति प्रक्रिया अधूरी रह गई। फिलहाल इस समस्या के समाधान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही पोर्टल पुनः खोला जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती रीतू रस्तोगी ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष भी पोर्टल दोबारा खोलने पर 42 छात्रों को लाभ मिला था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 42 छात्रों को कुल 5.414 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। इनमें अनुसूचित जाति के 37 छात्रों को 3.994 लाख रुपये और सामान्य वर्ग के 5 छात्रों को 1.42 लाख रुपये की सहायता दी गई थी।
इस पहल से जिले के सैकड़ों छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अब तक किसी कारणवश योजना से वंचित रह गए थे।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






