संपूर्ण समाधान दिवस: अधिकारियों को सख्त निर्देश, 93 शिकायतों में 8 का मौके पर निस्तारण

शामली। प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जनपद की तीनों तहसीलों में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील कैराना में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री अरविन्द कुमार चौहान ने की। उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया। पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र प्रताप सिंह ने भी पुलिस विभाग से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में डीएफओ, एसडीएम कैराना, पीडी डीआरडीए सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं तहसील शामली में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम शामली, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा तहसील ऊन में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

तीनों तहसीलों में कुल 93 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 8 का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤 जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh