5 बच्चों पर 3 शिक्षकों का स्कूल: रंगाना फार्म प्राथमिक विद्यालय की हकीकत उजागर
शामली।
उत्तर प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनपद शामली के थाना क्षेत्र के गांव रंगाना फार्म स्थित प्राथमिक विद्यालय में महज 5 बच्चों पर 3 अध्यापक तैनात हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस विद्यालय में छात्रों की संख्या बेहद कम है, जबकि शिक्षकों की संख्या अधिक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले शैक्षिक सत्र में यहां 7 से 10 बच्चे ही नामांकित थे, जो अब घटकर मात्र 5 रह गए हैं। इसके बावजूद विद्यालय में तीन शिक्षकों की तैनाती बनी हुई है।
इस स्कूल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समय पर विद्यालय न खुलने की बात सामने आई है। वीडियो के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में करीब 400 से 500 की आबादी होने के बावजूद बच्चों की संख्या इतनी कम होना चिंताजनक है। इसका एक कारण बेहतर शिक्षा व्यवस्था का अभाव भी बताया जा रहा है, जिसके चलते कई अभिभावक अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में भेज रहे हैं।
वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों के मर्ज (विलय) की प्रक्रिया भी जारी है। 8 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के अनुसार 9 अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूलों का संचालन समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। साथ ही कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को निकटवर्ती स्कूलों में मर्ज करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
हालांकि, इस विद्यालय को अब तक मर्ज नहीं किया गया है, जबकि आसपास के क्षेत्रों में कई स्कूलों को विलय किया जा चुका है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब छात्रों की संख्या इतनी कम है, तो इस स्कूल को अभी तक मर्ज क्यों नहीं किया गया।
फिलहाल, यह मामला शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत को उजागर करता है और विभागीय अधिकारियों के लिए एक गंभीर चुनौती बना हुआ है।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





