फर्जी बिलों से जीएसटी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, राजस्थान का रहने वाला निकला
शामली। थाना कोतवाली शामली पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी बिलों के माध्यम से जीएसटी चोरी कर राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फर्जी फर्म बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट का दुरुपयोग कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में जीएसटी चोरी व साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली शामली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल राजवंशी पुत्र थोजीराम राजवंशी निवासी नोपुरा, टोंक (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अधिक पैसा कमाने के लालच में एक फर्जी फर्म बनाई थी, जिसे फर्जी आधार कार्ड व दस्तावेजों के जरिए 15 जनवरी 2025 को रजिस्टर कराया गया। इसके बाद वह फर्जी बिल बनाकर जीएसटी चोरी करता रहा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी बिलों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत इस्तेमाल कर रहा था, जिससे सरकार को भारी राजस्व हानि हो रही थी। जांच के दौरान उसकी फर्म का अस्तित्व संदिग्ध पाए जाने पर 27 जनवरी 2025 को जीएसटी विभाग द्वारा उसका रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया गया था।
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली शामली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कर चोरी या वित्तीय अनियमितता की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
गिरफ्तारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा, निरीक्षक क्षितिज कुमार सिंह (साइबर थाना), सर्विलांस टीम के दीपक, मनीष कुमार, मोहित कुमार, निरीक्षक अपराध देवेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल भगत माठी शामिल रहे।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤 जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh







