सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का हुआ भव्य आयोजन
इको पार्क माती में छात्र-छात्राओं ने रंगों और शब्दों के माध्यम से उकेरा अपने सपनों का भारत।
प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित।
रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के विचारों को मिला सशक्त मंच।
कानपुर देहात, 24 सितम्बर 2026।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत जनपद स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन गुरुवार को इको पार्क, माती, कानपुर देहात में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अजीत सिंह पाल, माननीय राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, माननीय विधायक रसूलाबाद श्रीमती पूनम संखवार, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरज रानी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती रेणुका सचान, जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्री अमित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर तैयार की गई चित्रकलाओं की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। माननीय जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच की सराहना की। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी नवाचार, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग की चित्रकला प्रतियोगिता में पल्लवी ने प्रथम, गोलू ने द्वितीय तथा प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रिया अवस्थी प्रथम, शिवांश वर्मा द्वितीय तथा राधिका द्विवेदी तृतीय स्थान पर रहीं। उच्च शिक्षा विभाग की चित्रकला प्रतियोगिता में शालिनी प्रथम, सविता द्वितीय तथा अमृता तृतीय स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग में अंकुर गौतम ने प्रथम, शिवा साहू ने द्वितीय तथा छवि तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, प्रतिभा और सकारात्मक दृष्टिकोण ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपने विचारों, सपनों और आकांक्षाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को रंगों और शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय महाविद्यालय प्राचार्य सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





