पीएम श्री स्कूलों में 46 लाख का घोटाला, शामली में डीसी निर्माण बर्खास्त

शामली में 46 लाख का शिक्षा घोटाला! पीएम श्री स्कूलों के फंड में खेल, डीसी निर्माण की सेवा खत्म

शामली में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीएम श्री योजना के तहत चयनित स्कूलों में कृषि फंड के नाम पर करीब 46 लाख रुपये की हेराफेरी का मामला उजागर हुआ है। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने सख्त कदम उठाते हुए जिला समन्वयक (डीसी निर्माण) राहुल कुमार की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी अधिकारी ने पहले ही इस्तीफा भेज दिया था, लेकिन विभाग ने इसे स्वीकार करने के बजाय सीधे सेवा समाप्ति का फैसला सुनाया।

पूरा मामला तब सामने आया जब गंगेरू गांव के पीएम श्री विद्यालय में कृषि फंड से 10 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन की शिकायत की गई। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि पूर्व इंचार्ज शिक्षक ने पद छोड़ने के बाद भी कथित तौर पर अधिकारियों की मिलीभगत से फंड के इस्तेमाल में गड़बड़ी की कोशिश की।

सीडीओ की जांच रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। दस्तावेजों में छेड़छाड़, कार्यदायी संस्था के नाम में बदलाव और फर्जीवाड़े के जरिए फाइलों को तैयार किया गया। इतना ही नहीं, डीसी निर्माण पर बीएसए के हस्ताक्षर का अवैध इस्तेमाल करने का भी आरोप साबित हुआ है।

जांच में यह भी सामने आया कि गंगेरू समेत दभेड़ा, ऊन, भाज्जू, जलालाबाद और राझड़ के कुल छह स्कूलों में कृषि फंड के जरिए करीब 46.40 लाख रुपये के कार्यों की संदिग्ध योजना बनाई गई। इनमें टाइल्स लगाने और अन्य निर्माण कार्य शामिल थे, लेकिन ये सभी कार्य निर्धारित नियमों और प्रक्रिया को दरकिनार कर किए गए।

बीएसए लता राठौड़ ने स्पष्ट किया कि मामले में जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन फाइलों में गड़बड़ी हुई है, उनकी गहराई से जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ रिकवरी के साथ-साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूलों में हुए कार्यों की जांच के लिए टीम गठित कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इस पूरे मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh