होमगार्ड भर्ती परीक्षा पर प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया निरीक्षण

शामली में होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा का आगाज, डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

शामली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा का जनपद में शांतिपूर्ण माहौल में शुभारंभ हो गया। तीन दिवसीय परीक्षा (25, 26 व 27 अप्रैल) के पहले दिन रविवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है।

परीक्षा की निष्पक्षता और व्यवस्था को परखने के लिए नवागत जिलाधिकारी आलोक यादव एवं पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रथम पाली के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने किसान इंटर कॉलेज थानाभवन, लाला लाजपत राय इंटर कॉलेज थानाभवन और लाला लाजपत राय कन्या इंटर कॉलेज थानाभवन सहित कई केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था तथा परीक्षा कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी, नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान एसडीएम शामली निधि भारद्वाज, तहसीलदार मनोज कुमार समेत प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अजीत कुमार श्रीवास्तव

जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh