शामली में पुलिस मुठभेड़: 15 हजार का इनामी लुटेरा घायल गिरफ्तार, लूट का सामान बरामद
शामली, 28 मार्च। थाना कोतवाली शामली पुलिस ने लूट की घटना में वांछित 15,000 रुपये के इनामी शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए कुंडल, नगदी, अवैध तमंचा-कारतूस तथा एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 मार्च 2026 को ग्राम लिसाढ़ क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। एक व्यक्ति से मोबाइल और नगदी तथा एक महिला से कुंडल, नाक की बाली और अंगूठी लूट ली गई थी। इस संबंध में कोतवाली शामली में मामला दर्ज कर पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
शनिवार को चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आईटीआई कॉलेज से लिसाढ़ जाने वाले मार्ग पर जंगल क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान 15 हजार के इनामी अभियुक्त रईस पुत्र इदरीश निवासी राजीव कॉलोनी, पानीपत (हरियाणा) को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में वह घायल हुआ। उसे उपचार के लिए सीएचसी शामली भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, लूटे गए 2 कुंडल तथा 1350 रुपये नगद बरामद हुए हैं। वहीं उसका साथी फारुख पुत्र सगीर उर्फ काला धोबी निवासी पानीपत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त रईस के खिलाफ शामली व हरियाणा में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी के संबंध में कोतवाली शामली में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सचिन शर्मा समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🖋️ अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी
आर हिंदुस्तान
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





