आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर फटकार, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
शामली, 13 अप्रैल 2026 — जिलाधिकारी शामली अरविन्द कुमार चौहान की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड आधारित विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण न करने वाले अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभागवार समीक्षा के दौरान जिन विभागों की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाई गई, उन्हें सुधार के सख्त निर्देश दिए गए ताकि जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।
समाज कल्याण विभाग और आईसीडीएस की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर समाज कल्याण अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए, वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें समय से पूर्ण करने पर जोर दिया गया। कार्यदायी संस्था पैकफेड का कार्य संतोषजनक न मिलने पर उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, अपर जिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह, डीएफओ जगदेव सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं एसडीएम मौजूद रहे।
🖋️ अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh







