फायरकर्मियों ने विद्यार्थियों को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग और सुरक्षित निकासी का दिया प्रशिक्षण
✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव।जिला प्रभारी आर हिंदुस्तान
शामली, 9 सितम्बर। आर.के. कॉलेज, शामली में बुधवार को विद्यार्थियों को आगजनी एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से सुरक्षित रहने के लिए अग्निशमन एवं आपदा सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चले प्रशिक्षण में फायर स्टेशन के अधिकारियों एवं फायरमैन ने विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आग के विभिन्न प्रकारों और उनके नियंत्रण के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया गया। फायरकर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। इसके साथ ही आपात स्थिति में भवन से सुरक्षित बाहर निकलने, घबराहट से बचने तथा उपलब्ध संसाधनों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के तरीके समझाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्राचार्य प्रो. के.पी. सिंह रहे। उन्होंने कहा कि आग अथवा किसी भी आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सूझबूझ से काम लेना चाहिए। सही समय पर मिली जानकारी और प्रशिक्षण किसी बड़े हादसे को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने फायर स्टेशन के अधिकारियों एवं फायरमैन का प्रशिक्षण देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण अहमद, डॉ. सौरभ पांडे, डॉ. गीता देवी, डॉ. स्नेहा सिंह एवं डॉ. गायत्री त्रिपाठी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने, आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी देने तथा आपात परिस्थितियों में जिम्मेदारी और आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने के लिए तैयार करना रहा।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





