हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह

डीएम आलोक यादव ने पोषण रैली को दिखाई हरी झंडी, बच्चों के पोषण के साथ शाला पूर्व शिक्षा पर दिया जोर

 

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव। जिला प्रभारी आर हिंदुस्तान

शामली। जनपद में बुधवार को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। वाराणसी के रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ किए गए पोषण माह के प्रदेश स्तरीय शुभारंभ का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देखा और सुना।इस दौरान जिलाधिकारी आलोक यादव, मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर पोषण रैली को रवाना किया तथा फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आलोक यादव ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी परिवार के साथ-साथ समाज की भी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से बच्चों के पोषण के साथ उनकी शाला पूर्व शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

Oplus_16908288

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को फास्ट फूड से दूर रखने तथा भोजन में हरी सब्जियों और मौसमी फलों को शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और मजबूत भारत की नींव तैयार करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस दौरान आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा गर्म पका भोजन, सामुदायिक सहभागिता एवं जवाबदेही, बाल विकास के लिए प्रारंभिक उद्दीपन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य, मोटापा नियंत्रण तथा चीनी, नमक और तेल के सीमित सेवन जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा, ‘पोषण भी-पढ़ाई भी’, ‘एक पेड़ मां के नाम’, शिशु एवं छोटे बच्चों के पोषण संबंधी व्यवहार तथा पुरुषों की सहभागिता को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। लाभार्थियों और ग्रामीणों को कुपोषण से बचाव तथा बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन ने कुपोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जानकारी देते हुए लोगों से पोषण संबंधी आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल ने भी पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी बाबर खान, अर्चना सिंह, ममता देवी, मुख्य सेविकाएं, जिला समन्वयक संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषण एवं शाला पूर्व शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में राष्ट्रीय पोषण माह के कार्यक्रमों में तेजी लाने तथा निर्धारित गतिविधियों को नियमानुसार आयोजित करने का आह्वान किया।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh