बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगी मुहर, राजकीय पुस्तकालय के लिए 500 वर्गगज भूमि देने का निर्णय
अजीत कुमार श्रीवास्तव
जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान,शामली
शामली। नगर पालिका परिषद शामली ने शहर को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से शहरभर में 250 डिजिटल नाइट विजन कैमरे लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि लगाए जाने वाले डिजिटल नाइट विजन कैमरों से पूरे शहर की निगरानी की जा सकेगी। ये कैमरे रात के समय भी स्पष्ट दृश्य प्रदान करेंगे और लंबी दूरी तक के क्षेत्र को कवर करने में सक्षम होंगे।
शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने शासन की योजना के तहत प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा। सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पारित करते हुए संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त चौराहों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित होगी।
राजकीय पुस्तकालय निर्माण के लिए उपलब्ध कराई जाएगी भूमि

बोर्ड बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय पुस्तकालय निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सदन ने सर्वसम्मति से माजरा रोड स्थित नमो पार्क के निकट पालिका की 500 वर्गगज भूमि पुस्तकालय निर्माण के लिए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। अध्यक्ष अरविंद संगल ने बताया कि पुस्तकालय का निर्माण कार्य कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, उत्तर प्रदेश जल निगम, सहारनपुर द्वारा कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए शासन से प्रथम किश्त के रूप में 90 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं।
22 सभासद और 4 नामित सभासद रहे उपस्थित
बैठक में नगर पालिका के 22 निर्वाचित तथा 4 नामित सभासदों सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रस्तावों को सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया।
शहर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
नगर पालिका परिषद का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों, नालों और सार्वजनिक स्थलों के विकास के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर शामली को एक सुरक्षित, सुंदर और स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। डिजिटल निगरानी प्रणाली और ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था लागू होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कानून-व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




