औरैया। शहर के कानपुर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में बुधवार सुबह अचानक अलार्म बजने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बैंक के अंदर से लगातार अलार्म की आवाज आने पर आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने किसी अनहोनी की आशंका जताई। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह के निर्देशन में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और बैंक परिसर का निरीक्षण शुरू किया। घटना की जानकारी बैंक अधिकारियों को भी दी गई, जिसके बाद संबंधित अधिकारी तत्काल शाखा पहुंचे और बैंक के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया।
फायर ब्रिगेड और बैंक अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से की गई प्रारंभिक जांच में बैंक परिसर में किसी प्रकार की आग, धुआं, चोरी अथवा अन्य अप्रिय घटना के कोई संकेत नहीं मिले। जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की स्थिति नहीं है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई कि बैंक का अलार्म किसी तकनीकी खराबी अथवा सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण अचानक सक्रिय हो गया था, जिसके चलते वह लगातार बजता रहा। अलार्म की तेज आवाज से कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग बैंक के बाहर एकत्र हो गए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि बैंक परिसर की जांच में किसी प्रकार की आग या अन्य अप्रिय घटना के कोई संकेत नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला तकनीकी खराबी का प्रतीत हो रहा है। वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद स्थिति सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं बैंक प्रशासन भी अलार्म सिस्टम में आई खराबी के कारणों की जांच में जुट गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
रिपोर्ट : हरिओम तिवारी






