फर्जी स्कूलों पर कसा शिकंजा: बीएसए का औचक निरीक्षण, जल्द चलेगा छापामार अभियान
शामली:
जनपद के जलालाबाद और थानाभवन क्षेत्र में बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर अब शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) लता राठी ने औचक निरीक्षण कर ऐसे संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध रूप से संचालित सभी स्कूलों की सूची तत्काल तैयार कर मुख्यालय भेजी जाए, ताकि जल्द ही संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी अभियान शुरू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी, लिपिक और अन्य अधिकारियों के साथ क्षेत्र के कई स्कूलों का दौरा किया और उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्कूल का पूरा विवरण तैयार कर जल्द उपलब्ध कराया जाए, जिससे ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बीएसए ने बताया कि जलालाबाद क्षेत्र में पहले से नोटिस जारी किए जा चुके हैं और कुछ स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं थानाभवन क्षेत्र में भी बिना मान्यता के संचालित स्कूलों को चिन्हित कर नोटिस भेजे जा रहे हैं।
शिक्षा की गुणवत्ता पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने एक जूनियर हाई स्कूल में शिक्षण गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने कक्षा 6 के छात्रों से हिंदी विषय के प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मौके पर ही शिक्षण पद्धति सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद बीआरसी कार्यालय में बैठक कर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।
बीएसए ने साफ कहा कि बिना मान्यता स्कूल चलाना कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤 जिला प्रभारी
🎤 आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




