₹4 लाख लौटाकर ईमानदारी की मिसाल, शामली पुलिस ने ढूंढा असली मालिक

ईमानदारी की मिसाल: सड़क पर मिले ₹4 लाख लौटाए, शामली पुलिस ने ढूंढ निकाला असली मालिक

 

शामली-करनाल हाईवे पर इंसानियत और ईमानदारी की एक शानदार मिसाल देखने को मिली, जब सड़क पर बिखरे ₹4 लाख रुपये सुरक्षित उनके असली मालिक तक पहुंचाए गए।

घटना 22 अप्रैल 2026 की है, जब ईको वाहन चालक अमित कुमार शामली से मेरठ की ओर जा रहे थे। काबड़ौत पुल से पहले एक मोटरसाइकिल सवार के बैग से चेन खुली होने के कारण नोट सड़क पर गिरने लगे। मोटरसाइकिल सवार के आगे निकल जाने के बाद अमित कुमार ने सभी रुपये इकट्ठा किए और तुरंत थाना कोतवाली शामली पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ₹4,00,000 की धनराशि बरामद कर उसे सुरक्षित मालखाने में जमा कराया और असली मालिक की तलाश शुरू कर दी। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के साथ-साथ बैंक की मुहर के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन और अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई जांच के दौरान AU Small Finance Bank, करनाल से मिली जानकारी के आधार पर धनराशि के मालिक की पहचान शुभम पुत्र करण सिंह, निवासी कुरालसी (मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई।

शनिवार को थाना कोतवाली शामली बुलाकर सत्यापन के बाद पूरी धनराशि शुभम को सौंप दी गई। शुभम “Pay Near By” एजेंसी के माध्यम से वित्तीय सेवाएं संचालित करते हैं।

इस पूरे घटनाक्रम में जहां शामली पुलिस की तत्परता और प्रोफेशनल कार्यशैली सराहनीय रही, वहीं ईको चालक अमित कुमार की ईमानदारी समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

 

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤 जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh