गौशालाओं का औचक निरीक्षण: डीएम आलोक यादव सख्त, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
शामली
नवागत जिलाधिकारी श्री आलोक यादव ने विकास खंड थानाभवन क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्थाई गो आश्रय स्थल नौजल नोजली, वृहद गौशाला नौगांव पट्टी तथा अस्थाई गौशाला जलालाबाद देहात में पशुओं की देखभाल, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गौवंश के स्वास्थ्य, चारे की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए।
सबसे पहले नौजल नोजली स्थित अस्थाई गो आश्रय स्थल के निरीक्षण में पशुधन प्रसार अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। यहां 31 गोवंश पाए गए, जिनके लिए गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त शेड बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद नौगांव पट्टी स्थित वृहद गौशाला में 239 गोवंश मिले। व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, फिर भी अतिरिक्त शेड निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए गए।
जलालाबाद देहात की अस्थाई गौशाला में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विधिवत गौ पूजन किया और गोमाता को गुड़, केला व आटे की लोई खिलाई। यहां 93 गोवंश मौजूद पाए गए।
जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सभी गौशालाओं में आवश्यक कार्यों की विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम शामली निधि भारद्वाज, तहसीलदार मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित खंड विकास अधिकारी व ग्राम सचिव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





