– कांवड़ मेला व्यवस्था और खनिज परिवहन शुल्क के प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
– जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त पुराने निर्माण प्रस्तावों को सदन ने किया अस्वीकृत
शामली। जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को अध्यक्ष श्रीमती मधु की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विकास को रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु 24.93 करोड़ रुपये के मूल बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 24.13 करोड़ रुपये के संशोधित बजट को भी सदन ने हरी झंडी दे दी।
विकास कार्ययोजना पर चर्चा
बैठक के दौरान राज्य वित्त आयोग एवं केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त होने वाली लगभग 20 करोड़ रुपये की धनराशि के सापेक्ष वार्षिक जिला पंचायत विकास योजना (DPDP) को मंजूरी दी गई। सदन ने गत बैठकों (30 अगस्त व 04 अक्टूबर 2025) की कार्यवाही की भी पुष्टि की। इसके अतिरिक्त, खनिज परिवहन के संबंध में शासन से प्राप्त संशोधित “मानक खनिज परिवहन शुल्क उपविधि (2025)” और जिला पंचायत की वर्तमान उपविधियों की दरों में संशोधन के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुए।
कांवड़ मेले की तैयारियां
आगामी कांवड़ मेला 2026-27 को लेकर भी सदन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया। कृष्णा नदी बनत के पुल से लालूखेड़ी की ओर जनपद की सीमा तक कांवड़ मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिला पंचायत द्वारा पूर्व की भांति कराई जाएंगी। हालांकि, विधानसभा और लोकसभा के विभिन्न माध्यमों व आईजीआरएस से प्राप्त पुराने निर्माण संबंधी प्रस्तावों को सदन ने सर्वसम्मति से अस्वीकृत कर दिया।
बैठक में रहे मौजूद
बैठक में एमएलसी श्री वीरेन्द्र सिंह, एमएलसी श्री मोहित बेनीवाल, भाजपा नेता मनीष चौहान सहित जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शर्मिष्ठा, नीरज सैनी, डोली, सुमन, बबली, नफीसा, फरजाना, सीमा, शैफाली, श्री अनिल कुमार, प्रवेज अली, अजीम और उमेश कुमार मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में परियोजना निदेशक, अपर मुख्य अधिकारी (AMA) जिला पंचायत, और एसीएमओ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन अध्यक्ष द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित करने के साथ हुआ।
हमसे जुड़े और उठाएं गरीब, किसान, मजदूर और शोषितों की आवाज़
ख़बर, विज्ञापन, इंटरव्यू और संपूर्ण भारत में कहीं से भी चैनल से जुड़ने हेतु भी संपर्क करें।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





