किशोरी क्लब से सशक्त होंगी बेटियां, खेल और शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

शामली।
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान के निर्देशों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन के नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग, शामली द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जनता वैदिक इंटर कॉलेज, पिंडौरा जहांगीरपुर, ऊन में किशोरी क्लब की स्थापना की गई।

किशोरी क्लब की स्थापना का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करना है, जिससे छात्राएं अपनी शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी रुचि बनाए रखें। उल्लेखनीय है कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2015 को की गई थी, जिसका उद्देश्य घटते लिंगानुपात को रोकना, बालिकाओं को शिक्षित करना एवं उन्हें सशक्त बनाना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जनता वैदिक इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री सहेंद्र सिंह द्वारा की गई। विद्यालय में 5-5 छात्राओं के समूह में किशोरी क्लब गठित किए गए। इस अवसर पर क्लबों हेतु कैरम बोर्ड, लूडो, शतरंज, हॉकी, वॉलीबॉल आदि खेल सामग्री छात्राओं को वितरित की गई।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर सुश्री सदफ खान ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। वे खेलों में पदक जीत रही हैं, विज्ञान व तकनीक में नवाचार कर रही हैं, कॉर्पोरेट जगत में नेतृत्व कर रही हैं तथा देश की सीमाओं की रक्षा में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में रुचि रखना भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।

जेंडर स्पेशलिस्ट श्री कुलदीप शर्मा द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सुविधाएं तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर 102, 108, 112, 181, 1090 एवं 1076 की जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी दंड प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई।

महिला कल्याण विभाग द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत दिनांक 07 फरवरी 2026 को कन्या इंटर कॉलेज, कांधला में पर्सनल हाइजीन विषय पर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh