पुलिस लाइन शामली में SPEL 3.0 कार्यक्रम का भव्य समापन, विद्यार्थियों को मिला व्यावहारिक पुलिस प्रशिक्षण
पुलिस लाइन शामली में आज दिनांक 13.02.2026 को SPEL (Student Police Experiential Learning) 3.0 कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली से परिचित कराकर उन्हें जिम्मेदार, जागरूक एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में विकसित करना रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक शामली श्री एन. पी. सिंह ने कहा कि जीवन में अनुशासन, भारतीय संविधान के प्रति आस्था, देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा तथा संवैधानिक मूल्यों का पालन विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करते हैं तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करते हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला ने अपने संबोधन में बताया कि 120 घंटे की यह प्रशिक्षण योजना विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं निर्भीकता का विकास करती है और उन्हें सजग नागरिक बनने हेतु प्रेरित करती है।
कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी अर्शी खान ने बताया कि SPEL कार्यक्रम शासन की मंशा के अनुरूप छात्रों एवं पुलिस-प्रशासन के मध्य सकारात्मक संवाद स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को यातायात व्यवस्था, बीट प्रणाली, फील्ड विजिट, नशा मुक्ति अभियान सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर विजय सिंह पथिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। समापन समारोह में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






