शामली नगर पालिका में 5 नामित सभासदों ने ली शपथ, भव्य समारोह में जुटे जनप्रतिनिधि व समर्थक

शामली में नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, नगर पालिका सभागार में जुटी भीड़

 

शामली | 06 अप्रैल 2026

 

शासन द्वारा प्रदेश की नगर निकाय संस्थाओं में नामित सभासदों की नियुक्ति के क्रम में नगर पालिका परिषद शामली में पांच सभासदों को नामित किया गया। इसी क्रम में सोमवार को नगर पालिका सभागार में भव्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां उपजिलाधिकारी अर्चना शर्मा ने सभी नामित सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

 

शपथ ग्रहण के दौरान सभागार समर्थकों, परिजनों और गणमान्य नागरिकों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल ने की। इस दौरान नव-नामित सभासदों का फूलमालाओं और बुके देकर स्वागत किया गया।

 

शपथ लेने वाले सभासदों में संगीता जिंदल, मीरा चावला, हरिओम पाठक, उत्तम नामदेव और देवा गौड़ शामिल रहे। सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा, देश की अखंडता बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली।

 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने कहा कि पार्टी ने समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है, जो संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का परिणाम है।

 

वहीं पूर्व विधायक तेजेन्द्र निर्वाल ने नगर पालिका बोर्ड को एक परिवार बताते हुए कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा तथा शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने “स्वच्छ, सुंदर और विकसित शामली” के संकल्प को मिलकर पूरा करने का आह्वान किया।

 

सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने सभी नामित सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल के सहयोग को भी सराहनीय बताया।

 

कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सभासद, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

🖋️ अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤 जिला प्रभारी

🎤 आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh