शामली आबकारी कार्यालय पर उठे सवाल, वायरल वीडियो से कथित गड़बड़ी की चर्चा तेज

धिमानपुरा फाटक स्थित शराब दुकान के सेल्समैन का वीडियो सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर चर्चा

 

शामली।

जनपद में आबकारी विभाग एक बार फिर चर्चाओं में है। धिमानपुरा फाटक के पास स्थित शराब की दुकान से जुड़े एक सेल्समैन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कथित तौर पर शराब बिक्री और विभागीय मिलीभगत से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।

 

बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति खुद को दुकान का सेल्समैन बताते हुए यह दावा करता नजर आ रहा है कि नीचे से लेकर उच्च स्तर तक सब कुछ सेटिंग के आधार पर चल रहा है। उसने यह भी संकेत दिया कि नियमों से हटकर शराब की बिक्री और ओवररेटिंग जैसी गतिविधियां आम बात हैं।

 

सूत्रों के अनुसार, यह दुकान एक बड़ी कंपनी से जुड़ी बताई जा रही है, जिसका प्रभाव स्थानीय स्तर से लेकर अधिकारियों तक बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में यह भी आरोप लगाए गए हैं कि निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई भी पहले से तय होती है, जिससे वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पाती।

 

वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग के अंदरूनी कामकाज पर सवाल उठने लगे हैं। आम लोगों के बीच चर्चा है कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह एक बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है।

 

वहीं, इस पूरे मामले में अभी तक विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो।

 

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤 जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh