10 मीटर एयर पिस्टल और 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन, टीम स्पर्धा में भी हासिल किया तीसरा स्थान
✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव। जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान
शामली।आर.के. पी.जी. कॉलेज के छात्र ऋषभ चौधरी ने अंतर-महाविद्यालयीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। 7 एवं 8 सितंबर को आयोजित 5वीं अंतर-महाविद्यालयीय शूटिंग प्रतियोगिता में ऋषभ ने दो अलग-अलग स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत वर्ग में ऋषभ चौधरी ने शानदार निशानेबाजी करते हुए 385/400 अंक अर्जित किए और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में भी ऋषभ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 510 अंक हासिल किए और एक और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में इजाफा किया।

टीम स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन
ऋषभ चौधरी ने टीम स्पर्धा में भी प्रभावी प्रदर्शन किया। 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में ऋषभ चौधरी ने 385 अंक, बॉबी ने 355 अंक और मिंटू ने 330 अंक हासिल किए। तीनों खिलाड़ियों ने कुल 1070 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कॉलेज पहुंचने पर हुआ स्वागत
प्रतियोगिता में शानदार सफलता के बाद महाविद्यालय पहुंचने पर ऋषभ चौधरी का प्रधानाचार्य, विभागाध्यक्ष एवं खेल समिति के सदस्यों ने स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. एम. के. जेली, विभागाध्यक्ष डॉ. परवीन अहमद, खेल समिति की डॉ. स्नेहा सिंह, डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. शशि शेखर ने ऋषभ को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
महाविद्यालय परिवार ने ऋषभ चौधरी एवं पूरी टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ऋषभ की इस उपलब्धि से कॉलेज के विद्यार्थियों में भी उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता ने अन्य विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




