मिशन शक्ति के तहत आदर्शमंडी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 2 घंटे में गुमशुदा मासूम सकुशल बरामद
शामली में “मिशन शक्ति अभियान-5.0” के अंतर्गत आदर्शमंडी थाना पुलिस ने शानदार तत्परता दिखाते हुए महज 2 घंटे में गुमशुदा 5 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली। जानकारी के अनुसार, कस्बा बनत के मोहल्ला आजादनगर निवासी बालिका गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर खेलते समय रास्ता भटक गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने तुरंत थाना आदर्शमंडी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल एक टीम गठित कर पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। आसपास के इलाकों में चेकिंग, पूछताछ और संभावित स्थानों पर तेजी से कार्रवाई की गई। पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और महज दो घंटे के भीतर ही बालिका को कस्बा बनत क्षेत्र से सुरक्षित ढूंढ लिया गया।
इसके बाद बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
शामली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जनसुरक्षा के लिए वह हमेशा इसी तरह संवेदनशील और तत्पर रहेगी।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






