विदेशी नंबरों से ब्लैकमेलिंग का आरोप, हनी ट्रैप के शिकार युवक की मौत
कांधला क्षेत्र में एक युवक ने हनी ट्रैप और फर्जी लोन ऐप से परेशान होकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया। मरने से पहले उसने दो वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा भी जाहिर की।
मृतक की पहचान गांव मलकपुर निवासी 27 वर्षीय बिलाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल को उसका शव गांव के खेतों में मिला था। उसने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी। उस समय परिवार ने बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के अंतिम संस्कार कर दिया था।
घटना के दो दिन बाद जब मोबाइल का लॉक खुलवाया गया, तो मामला सामने आया। मोबाइल में मिले वीडियो में बिलाल ने बताया कि कुछ फर्जी ऐप्स के जरिए उसे फंसाया गया और उसके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। वीडियो में वह अपनी जिंदगी को बर्बाद बताते हुए बेहद परेशान नजर आया।
परिजनों का आरोप है कि युवक को विदेशी नंबरों, खासकर पाकिस्तानी नंबरों से कॉल और मैसेज आ रहे थे। उससे लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। बताया गया कि बिलाल ने करीब दो लाख रुपये अलग-अलग खातों में भेजे, लेकिन इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग नहीं रुकी।
मृतक के भाई ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामला हनी ट्रैप और साइबर ठगी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
परिजनों ने यह भी बताया कि युवक की मौत के बाद भी उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश और कॉल आ रहे हैं, जिनमें पैसे की मांग और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
बिलाल अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पूरे परिवार को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh




