यमुना में अवैध खनन का तांडव, मंडावर में रात-दिन चल रहा रेत माफिया का खेल

यमुना की धार पर खनन का कहर, मंडावर में नियमों को दरकिनार कर जारी रेत का खेल

कैराना, 21 अप्रैल।
तहसील कैराना के गांव मंडावर क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे अवैध रेत खनन ने विकराल रूप ले लिया है। आरोप है कि स्थानीय स्तर से लेकर उच्च स्तर तक की मिलीभगत के चलते खनन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विडंबना यह है कि जिस नदी को श्रद्धा से ‘मां’ कहा जाता है, उसी का अस्तित्व अब खतरे में डाला जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, मंडावर के पास आवंटित खनन पट्टे की आड़ में भारी मशीनों के जरिए दिन-रात रेत निकाली जा रही है, जबकि नियमों के तहत खनन केवल तय समय सीमा में ही किया जा सकता है। बावजूद इसके, रात के अंधेरे में भी बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी है, जिससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है और नदी की धारा में निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक खुदाई की जा रही है।

सूत्र बताते हैं कि प्रशासन द्वारा पहले करीब 74.94 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है और National Green Tribunal (एनजीटी) भी इस मामले में संज्ञान ले चुका है। इसके बावजूद खनन कार्य में कोई खास कमी नहीं आई है। नदी के बीच हो रही गहरी खुदाई से खतरनाक कुंड बन रहे हैं, जो पहले भी हादसों की वजह बन चुके हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिला खनन विभाग और संबंधित अधिकारियों की चुप्पी आखिर क्यों बनी हुई है। क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी कब सख्ती दिखाएंगे। फिलहाल, लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव 

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh