सेवा सेतु अभियान के तहत पांच विकासखंडों में सात दिवसीय शिविरों का आयोजन
एक ही स्थान पर मिल रहा योजनाओं का लाभ, प्रमाण पत्र, चेक एवं दिव्यांगजन सहायक उपकरण
शिविर में मा0 जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को वितरित किए विभिन्न योजनाओं के लाभ
स्वास्थ्य मेले, रोजगार कैंप एवं आवेदन सत्यापन से आमजन को मिल रही बड़ी राहत
कानपुर देहात, 25 सितम्बर 2026।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित सेवा संकल्प अभियान (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में आमजन तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को सरल, सुगम एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के तहत पांच विकासखंडोंकृडेरापुर, संदलपुर, राजपुर, अमरौधा एवं मलासा में सात दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
विकासखंड राजपुर में आयोजित शिविर का शुभारंभ मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अजीत सिंह पाल द्वारा किया गया। वहीं विकास खण्ड सरवनखेड़ा में आयोजित शिविर का शुभारंभ मा0 राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला जी द्वारा किया गया। साथ ही अन्य शिविरों में भी मा0 जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहीं। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर नागरिकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता मानकों, आवश्यक अभिलेखों तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

शिविरों में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत प्रमाण पत्र, चेक, स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ संबंधी दस्तावेज वितरित किए गए। साथ ही पात्र दिव्यांगजन लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
अभियान के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य मेलों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आमजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य योजनाओं एवं रोगों की रोकथाम संबंधी जागरूकता भी प्रदान की गई।
युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग एवं रोजगार कैंपों का भी आयोजन किया गया। इनमें युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, रुचि एवं कौशल के अनुरूप रोजगार, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए ऑन-द-स्पॉट आवेदन एवं पात्रता सत्यापन की व्यवस्था की गई है। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आवेदनों को प्राप्त कर आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन कर रहे हैं तथा पात्र पाए गए आवेदनों पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। शासन की सेवाएं एवं सुविधाएं उनके निकट उपलब्ध कराकर प्रशासन द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं एवं योजनाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराना, आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, आवेदन एवं पात्रता सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाना तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ना है।
शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित होकर अभियान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।




