शामली तहसील में 50 शिकायतें, 3 का मौके पर निस्तारण; कैराना व ऊन में भी समाधान दिवस आयोजित
शामली। प्रदेश सरकार के महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस के तहत तहसील शामली में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने लापरवाह अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाया। बैठक में अनुपस्थित पाए गए बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम, तृतीय और चतुर्थ के वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील शामली में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र प्रताप सिंह ने पुलिस से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम अर्चना शर्मा, डीएफओ जगदेव सिंह, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, पीडी डीआरडीए प्रेमचंद, तहसीलदार मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कैराना में 24 शिकायतें, 2 का निस्तारण
तहसील कैराना में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 24 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। एसडीएम निधि भारद्वाज व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ऊन तहसील में 20 शिकायतें आईं
तहसील ऊन में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम संदीप त्रिपाठी, तहसीलदार ललिता चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अजीत कुमार श्रीवास्तव,
जिला प्रभारी, आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh








