डायलिसिस मशीन बंद, पूर्व विधायक ने सीएमओ पर लगाए गंभीर आरोप
कांधला । नगर के दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में अग्रवाल समाज के नेतृत्व में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर मुद्दे उठाए गए। इस दौरान पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पर लापरवाही के आरोप लगाए।
पूर्व विधायक ने कहा कि कांधला के सरकारी अस्पताल में स्थापित डायलिसिस मशीन लंबे समय से चालू नहीं हो पा रही है, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएमओ इस मामले को लेकर गंभीर नहीं हैं और यह एक बड़े घोटाले से भी जुड़ा हो सकता है।
राजेश्वर बंसल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही डायलिसिस मशीन चालू नहीं कराई गई, तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की थीं।
इस मौके पर उनके पुत्र अखिल बंसल ने भी क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई गई, साथ ही हजारों बच्चों को बैग और साइकिल वितरित की गई। पेयजल समस्या के समाधान के लिए वाटर टैंक भी स्थापित कराए गए, जिससे लोगों को काफी राहत मिली।
प्रेस वार्ता में समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
🖋️अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤 जिला प्रभारी
🎤आर हिंदुस्तान
📞 9456889665
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh






