📰 बिना अनुमति अंबेडकर प्रतिमा चबूतरा निर्माण पर बवाल, पुलिस कार्रवाई के बाद थाने पर धरना
गढ़ी पुख्ता (शामली)। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला में मुंडेट पुलिया के पास स्थित अंग्रेजी शराब ठेके के सामने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए चबूतरे का निर्माण कार्य शुरू होने पर विवाद खड़ा हो गया। बताया गया कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फरहान खान द्वारा लगभग 8–10 फीट का चकोर चबूतरा बनवाने का कार्य कराया जा रहा था, जिसका आसपास के दुकानदारों ने विरोध किया।
स्थानीय दुकानदार धर्मपाल, राजकुमार, राजू, संजय और सचिन ने निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया और राजमिस्त्री, मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाया गया निर्माण सामग्री चौकी ले आई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और कार्य रुकवाने की पुष्टि की। पुलिस ने दोबारा जांच के दौरान निर्माण कार्य में लगे पांच मजदूरों को थाने लाकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि यह कार्य प्रधान प्रतिनिधि फरहान खान के कहने पर किया जा रहा था।
इसके बाद फरहान खान भी चौकी पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरहान खान समेत जॉनी, अनुज, अनिल कुमार, गोपाल और विश्वास सहित छह लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।
इस कार्रवाई से नाराज होकर फरहान खान के समर्थकों और कुछ किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने थाने पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कस्बा गढ़ी पुख्ता के चेयरमैन प्रतिनिधि अंकुज चौधरी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने विश्वास में लेकर फरहान खान को बुलाया और फिर चालान कर दिया, हालांकि थाना प्रभारी ने इन आरोपों को निराधार बताया।
धरने की सूचना पर झिंझाना, आदर्श मंडी और थाना भवन से अतिरिक्त पुलिस बल एवं पीएसी मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच आपसी सहमति बनने पर धरना समाप्त हो गया।
धरने में भाकियू जिलाध्यक्ष शांता प्रधान, देवराज पहलवान, चौधरी शोकिंदर सिंह, पवन सिंह, आशीष चौधरी समेत क्षेत्र के कई प्रधान, सभासद और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
🖋️ अजीत कुमार श्रीवास्तव
👤 जिला प्रभारी
🎤 आर हिंदुस्तान
📞 9456889666
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





