शामली में उद्योग बन्धु समिति की बैठक: ड्रेन सफाई, पाइपलाइन और जल निकासी पर लिए गए अहम फैसले
शामली
जनपद शामली के विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने की। बैठक में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान टिटौली ड्रेन की सफाई का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सीडीओ ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाकर जल्द से जल्द सफाई कार्य पूरा कराया जाए, ताकि जल प्रवाह सुचारू बना रहे।
इसके अलावा शामली औद्योगिक क्षेत्र से पूर्वी यमुना नहर तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस संबंध में मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के साथ अलग से बैठक कर समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।
कैराना रोड स्थित विराज होटल के पास औद्योगिक इकाइयों से पूर्वी यमुना नहर तक कच्चे नाले की मरम्मत को लेकर पीडब्ल्यूडी ने जानकारी दी कि कार्य 1-2 माह में पूरा कर लिया जाएगा। इस पर सीडीओ ने समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर में जल निकासी की समस्या पर भी गंभीर चर्चा हुई। जल निगम को विस्तृत सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, जीएसटी रिटर्न के मामले में डीसी जीएसटी ने जानकारी दी कि उद्यमियों को करीब 4 करोड़ रुपये का रिफंड मिल चुका है, जिस पर समिति ने संतोष जताते हुए प्रकरण को समाप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बैठक में दिए गए आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए रिपोर्ट उपायुक्त उद्योग को भेजी जाए।
अंत में सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग रतिका गुप्ता सहित सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, जिला पंचायत, ईएसआई और बैंकिंग क्षेत्र के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: AJEET SHRIWASTAVA
District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh





