नकलविहीन परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, 12 केंद्रों पर होगी जेई मुख्य परीक्षा

अवर अभियंता मुख्य परीक्षा को नकलविहीन कराने के निर्देश, 12 केंद्रों पर 5133 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

 

 

शामली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा 03 मई 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली अवर अभियंता (सिविल) मुख्य परीक्षा (प्रा०आ०प०-2023)/08 को पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं केंद्र प्रभारी मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी सतर्कता और आयोग की गाइडलाइन के अनुसार कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

 

उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने, सीसीटीवी कैमरों सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और समय से सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रश्नपत्रों को सुरक्षित एवं समय से केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

 

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रतिबंधित वस्तुओं का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा और इस पर सख्ती से अमल कराया जाएगा। जिला प्रबंधक रामपाल सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तार से प्रशिक्षण दिया।

 

जानकारी के अनुसार, जनपद के 12 केंद्रों पर कुल 5133 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में सभी एसडीएम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

✍️अजीत कुमार श्रीवास्तव

👤जिला प्रभारी

🎤आर हिंदुस्तान

📞 9456889665

AJEET SHRIWASTAVA
Author: AJEET SHRIWASTAVA

District Bureau Chief - Shamli Uttar Pradesh